भिवाड़ी| UIT सेक्टर-3 स्थित राजीव गांधी एनक्लेव के निवासी बुधवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) कार्यालय पहुंचे और गंभीर आरोपों से भरी शिकायत पत्र सौंपा। इन आरोपों में अवैध जल कनेक्शन, गलत बिलिंग, जल आपूर्ति में लापरवाही और विभाग द्वारा किए गए अन्य प्रशासनिक ढिलाई की बातें शामिल थीं। निवासियों का कहना था कि विभाग ने कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया और इसके परिणामस्वरूप जल आपूर्ति और बिलिंग प्रणाली में भारी असंतोष पैदा हुआ।
निवासियों ने बताया कि कई परिवार बिना मीटर और बिना वैध कनेक्शन के पानी का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन विभाग इन अवैध कनेक्शनों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसके अलावा, कुछ उपभोक्ताओं को बिना मीटर के पानी का उपयोग करने पर ‘मीटर चार्ज’ जोड़कर गलत बिल भेजे गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं में रोष बढ़ गया है। एक निवासी ने कहा, “हमने ₹1100 की रसीद दी, लेकिन फिर भी हमें कनेक्शन स्वीकृति प्रमाणपत्र नहीं दिया गया। यह विभाग की लापरवाही और उपभोक्ताओं के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है।”
शिकायत मिलने के बाद, PHED के अधिशाषी अभियंता धर्मेन्द्र यादव ने त्वरित प्रतिक्रिया दी और आश्वासन दिया कि अगले दिन से अवैध कनेक्शनों पर बड़ा अभियान चलाया जाएगा और बिना मंजूरी के जल कनेक्शन को तुरंत काटा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बिलिंग से बिना मीटर वाले उपभोक्ताओं पर ‘मीटर चार्ज’ हटाया जाएगा और वर्तमान बिल में जो अतिरिक्त राशि शामिल की गई है, वह अगली बिल में समायोजित की जाएगी। हालांकि, बिना मीटर के उपयोग किए गए पानी का बिल भुगतान योग्य माना जाएगा।
निवासियों ने बताया कि विभाग के ठेकेदार राजेश ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे नाराजगी और बढ़ गई। इसके बाद, उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की कि अवैध कनेक्शनों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, गलत बिलिंग को रोका जाए और जल आपूर्ति नियमित की जाए। साथ ही, शिकायतों के निवारण के लिए एक तय समयसीमा निर्धारित करने की भी अपील की गई।


Leave a Reply