संयुक्त टीम ने डंपिंग यार्ड का सुबह 7 बजे किया निरीक्षण
खैरथल-तिजारा | जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशानुसार भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता के सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा जारी GRAP-3 (ग्रेप-3) के पालन को सख्ती से सुनिश्चित करने हेतु बुधवार सुबह 7 बजे एक संयुक्त टीम ने रीको के रामपुरा स्थित डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी, रीको, नगर परिषद भिवाड़ी, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और बीडा की संयुक्त टीम शामिल रही।
इस दौरान डंपिंग यार्ड में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। विशेष रूप से, डंपिंग यार्ड के एंट्री गेट पर गार्ड की उपस्थिति तो थी, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में एक आग की घटना सामने आई। इसके बाद रीको यूनिट प्रथम को सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त गार्डों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, नगर परिषद भिवाड़ी को कचरे को एक निर्धारित हिस्से में डंप करने और आग की रोकथाम के लिए कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए 10 सीसीटीवी कैमरे लगाने, फायर गाड़ियों के लिए उच्च क्षमता वाली मोटर स्थापित करने, पानी के दबाव में सुधार करने तथा एक पानी भंडारण टैंक तैयार करने के निर्देश दिए गए। डंपिंग यार्ड में 24 घंटे के लिए एक जेसीबी मशीन तैनात करने का आदेश भी दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने डंपिंग यार्ड में अवैध प्रवेश कर सिगरेट या बीड़ी पीने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस उप अधीक्षक भिवाड़ी को दिए। ऐसे मामलों में सार्वजनिक उपद्रव की धाराओं में केस दर्ज कर मामले को उपखंड अधिकारी टपूकड़ा के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया।
इसके अलावा, प्रदूषण नियंत्रण के तहत निर्माण स्थलों, खुले में पड़ी निर्माण सामग्री, वाहन परिवहन और धुआं छोड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों पर दिन में दो बार कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, आयुक्त नगर परिषद भिवाड़ी मुकेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अमित जुयाल, रीको यूनिट प्रथम के एसआरएम, यूनिट हेड रीको यूनिट द्वितीय और फायर अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।


Leave a Reply