जोधपुर। जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने कहा कि पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट में वांछित और जिला स्तरीय टॉप-10 अपराधियों में शामिल मुलजिम घेवरराम को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसे पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज मुख्यालय के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा है।
गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, घेवरराम पुत्र जगनाराम, निवासी ग्राम तेना (पुलिस थाना शेरगढ, जिला जोधपुर) पिछले लगभग चार सालों से फरार था। वह पुलिस से बचने के लिए दक्षिण भारत, उड़ीसा, यूपी-बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे विभिन्न राज्यों में छुपकर रह रहा था।
डीएसटी की विशेष कार्रवाई:
जिला विशेष टीम (डीएसटी) द्वारा इस अपराधी की धरपकड़ के लिए विशेष घेराबंदी की गई। टीम के प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में डीएसटी के सदस्यों ने तकनीकी सूचना और डाटाबेस की मदद से घेवरराम की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी:
यह कार्यवाही पुलिस थाना शेरगढ के प्रकरण संख्या 49/2022 के तहत की गई। इस मामले में घेवरराम पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसे शेरगढ पुलिस थाना को सौंप दिया गया और मामले की आगे की जांच जारी है।
टीम को मिलेगा पुरस्कार:
इस उल्लेखनीय कार्यवाही में प्रमुख भूमिका निभाने वाले डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, कांस्टेबल हरेन्द्र लोहरा, सउनि प्रदीप, विरेन्द्र खदाव, झूमरराम, मुकनसिंह, सुरेश डूडी, और भोमाराम परमार को जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


Leave a Reply