Advertisement

पुलिस और तस्करों के बीच हुई मुठभेड़, मचा हड़कंप

blank

भिवाड़ी। शहर में रविवार देर रात पुलिस और गौ–तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब गौरक्षकों को सूचना मिली कि एक पिकअप में गायों को भरकर हरियाणा की दिशा में ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौरक्षक टीमें सक्रिय हुईं और आरटीओ ऑफिस के पास घेराबंदी कर पिकअप को रोक लिया। गाड़ी की तलाशी के दौरान एक गाय पहले से लदी मिली, जबकि तस्कर अन्य गायों को जबरन ठूंसने की कोशिश कर रहे थे।

गौरक्षकों ने मौके से हरियाणा के टाई गांव निवासी कुख्यात तस्कर राहुल और सोहिल, तथा नूंह निवासी अनीश और तारीफ को पकड़ लिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और चारों को हिरासत में ले लिया। पिकअप वाहन को जब्त कर गाय को सुरक्षित निकालकर गोशाला भेज दिया गया।

भिवाड़ी एसपी प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस को पहले ही मुखबिर से तस्करों की मूवमेंट की जानकारी मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पिकअप छोड़कर भागने लगे और इसी दौरान उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी एक्शन में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भागते समय चारों आरोपियों को चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार करवाया गया है।

गिरफ्तार तस्कर राहुल का आपराधिक रिकॉर्ड सबसे लंबा है। उस पर चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनों मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सप्लाई चैन, रूट और फाइनेंसिंग पैटर्न की गहराई से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि भिवाड़ी–तिजारा बेल्ट लंबे समय से गौ–तस्करी का सक्रिय रूट रहा है, जहां से पशुओं को हरियाणा और मेवात की ओर भेजा जाता है।

पुलिस ने दावा किया कि देर रात की इस कार्रवाई से गौ–तस्करी गैंगों को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में ऐसी कठोर कार्यवाही और तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *