Advertisement

150वीं जयंती पर भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

blank

खैरथल-तिजारा। भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को खैरथल-तिजारा में जिला स्तरीय ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण भी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले भर में किया गया।

अति. जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश उपनिवेशवाद और धर्मांतरण के प्रयासों के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समुदाय के गौरव, संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी बताया कि जनजाति गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य न केवल जनजातीय समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देना है, बल्कि उनके उत्थान हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना भी है। केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना, धरती आबा ग्राम उत्थान अभियान, वन धन विकास केन्द्र और एकलव्य मॉडल विद्यालय जैसी प्रमुख योजनाएँ जनजातीय समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

ग्रामीण एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का ग्रामीणों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायक जीवन, उनके संघर्ष तथा समाज सुधार के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

विभिन्न प्रतिभाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में शिक्षा और जनजातीय क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई जिसे उपस्थित अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह डूंगरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए 62 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का शिलान्यास तथा 25 करोड़ रुपये की लागत के 31 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा किसानों और जनजातीय छात्र-छात्राओं को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 204 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की गई। कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के अंतर्गत किसानों को फार्म पॉन्ड, डिग्गी, पाईपलाइन, तारबंदी, कृषि यंत्र, वर्मी कम्पोस्ट, ड्रिप व मिनी फव्वारा प्रणाली, प्याज भण्डारण कक्ष और सौर पम्प जैसे घटकों के लिए 200 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी डीबीटी की गई।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, उपसभापति नगर परिषद वरुण डाटा, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, सहायक विकास अधिकारी अनिल, कनिष्क अभियंता नगर परिषद मोतीलाल वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी गजराज सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *