Advertisement

केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का शेरगढ़ प्रवास

विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास एवं जनकल्याण कार्यक्रमों में होंगे शामिल

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शनिवार को शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे।

इस दौरान वे क्षेत्र में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, जनसंपर्क बढ़ाने तथा चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर लोकार्पण, शिलान्यास एवं जनकल्याण कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इस दौरान शेरगढ़ के विधायक बाबू सिंह राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहेंगे।

आगोलाई में नवीन भवनों, पेयजल एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का उद्घाटन
प्रवास के दौरान सर्वप्रथम शेखावत आगोलाई जायेंगे, जहाँ उप तहसील आगोलाई के नवीन भवन का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही राजकीय विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण, सार्वजनिक प्याऊ, टांका एवं वाचनालय निर्माण कार्यों का शुभारंभ तथा बाबा रामदेव गौशाला में चारा एवं गुड़ वितरण कार्यक्रम संपन्न होंगे।

उदयसर में क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना तथा उपस्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का शिलान्यास


उदयसर में केंद्रीय मंत्री क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना का शिलान्यास करेंगे। इसी क्रम में उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन की आधारशिला रखी जाएगी। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।

पंचायत भवन, जल प्रदाय योजनाएँ एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का लोकार्पण


ढाढ़णियां सांसण में पंचायत भवन की चारदीवारी, सरपंच कक्ष एवं स्टाफ कक्ष का लोकार्पण किया जाएगा। इसी स्थान पर क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। खारी बेरी में शेखावत द्वारा क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना का लोकार्पण किया जाएगा।

नए सुलभ कॉम्प्लेक्स, विद्युत उपकेंद्र एवं पेयजल परियोजनाओं का शुभारंभ
बालेसर सता में नया सुलभ कॉम्प्लेक्स, 33/11 केवी सब स्टेशन तथा क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त माँ चामुंडा राय बाड़ी में दर्शन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

कुई ईंदा एवं कुई जोधा में प्रमुख जल परियोजनाएँ


दोनों स्थानों पर प्रमुख जल परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा तथा विद्यालय भवनों के मरम्मत कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय शिक्षा एवं जल उपलब्धता को सुदृढ़ आधार मिलेगा।

धीरपुरा में बहुआयामी विकास कार्य


धीरपुरा में पौधारोपण, संपर्क सड़क के नवीनीकरण तथा नव-क्रमोन्नत पशु चिकित्सालय सहित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जो कृषि व पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।

चामू–चाबा–खोखर सड़क निर्माण का सुदृढ़ीकरण
महत्वपूर्ण चामू–चाबा–खोखर सड़क मार्ग पर चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय संपर्कता एवं परिवहन सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा।

बावड़ी एवं सेखाला में प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण


बावड़ी में तहसील परिसर में पौधारोपण, चारागाह विकास कार्य तथा एनएच–125 से सेखाला तक टू-लेन सड़क का लोकार्पण किया जाएगा।
सेखाला में ब्लॉक आयुष चिकित्सालय, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, 132 केवी जीएसएस, आईटीआई भवन तथा क्षेत्रीय जल प्रदाय योजना सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके साथ ही चारागाह एवं स्वास्थ्य संस्थानों के नए भवनों का उद्घाटन तथा स्कूटी, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक सामग्री वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण गतिविधियाँ


इस दौरान रक्तदान शिविर का अवलोकन, चश्मा एवं कंबल वितरण कार्यक्रम तथा दिव्यांगजन हेतु कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरण जैसी जनकल्याण गतिविधियाँ भी संपन्न होंगी।

आत्मनिर्भर भारत विषयक परिचर्चा एवं क्षेत्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम


इस दौरे के अंत में आमसभा, दीपावली स्नेहमिलन, आत्मनिर्भर भारत विषयक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसी क्रम में शेखावत द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंति के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शिरकत की जाएगी।

शेरगढ़ के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
यह प्रवास शेरगढ़ क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, पशुपालन एवं सामाजिक कल्याण से संबंधित आधारभूत सुविधाओं को नई दिशा प्रदान करेगा तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सुदृढ़ आधार देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *