Advertisement

खेड़ापा पुलिस: 5 दिन में यातायात नियम तोड़ने वाले 251 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर काटे चालान

blank

बावङी । राजस्थान में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रदेशभर में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए राज्यव्यापी सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया जा रहा है। इसका मकसद फलोदी और जयपुर में हुई हालिया रोड एक्सीडेंट्स के बाद रोड सेफ्टी को बढ़ाना है। ऐसे में अब खेड़ापा पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है और इसी क्रम में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 62 जोधपुर-नागौर रोड पर पुलिस थाना के सामने नाकाबंदी कर अभियान चलाकर यातायात नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। थानाधिकारी सीआई लाखाराम जाखड़ के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पीछले 5 दिनों में खेड़ापा पुलिस ने 251 दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला। इस दौरान कार्रवाई करते हुए खेड़ापा पुलिस के एएसआई चिमनाराम, कांस्टेबल लिखमाराम और कन्हैयालाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यातायात के नियमों की अवहेलना करने वाले दुपहिया चालकों को हेलमेट न पहनने और चौपहिया चालकों को सीट बेल्ट न लगाने, शराब पीकर, तेज गति से, गलत दिशा में या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, बस में क्षमता से अधिक सवारियां डालने, बाल वाहिनी के साथ ही बिना रिफ्लेक्टर या नंबर प्लेट वाले 251 वाहन चालकों पर भी कानूनी कार्रवाई की और उनके खिलाफ चालान काटते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। थानाधिकारी सीआई लाखाराम जाखड़ ने बताया कि कई वाहन चालक कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर बचने की कोशिश में इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए सभी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क हादसों में कमी लाना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *