विशेष गहन पुनरीक्षण: 2026 के तहत संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित
मैपिंग और ईएफ संग्रहण में सुधार के लिए ठोस रणनीति बनाने पर बल,14 नवम्बर तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
जोधपुर। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में अटल सेवा केंद्र स्थित वीसी कक्ष में संभाग-स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में मैपिंग कार्य में सुधार, ईएफ संग्रहण की प्रगति तथा विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। गत बैठक में दीयें गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा कि गई । संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मैपिंग की वर्तमान स्थिति, आगामी लक्ष्यों का अनुमान, गणना प्रपत्र (इफ़) संग्रहण, एसडी(अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृतक) मतदाता डेटाबेस की प्रगति तथा सहायक निर्वाचन अधिकारियों की भागीदारी जैसे बिंदु हाईलाइट किए। बैठक में जोधपुर संभाग के सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।
मैपिंग प्रगति में तेज़ी के निर्देश
संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची मैपिंग कार्य में पीछे चल रहे जिले कार्य की गति तेज करें। विशेष पुनरीक्षण के अंतर्गत वर्तमान मतदाताओं की पूर्व निर्वाचन सूची के साथ मैपिंग का कार्य और गणना प्रपत्र (ईएफ) संग्रहण को भी गति देने को कहा गया है। संभागीय आयुक्त ने ज़ोर देकर कहा कि मैपिंग एवं ईएफ संग्रह की प्रगति में नियमित सुधार लाया जाए, ताकि कार्यक्रम के उद्देश्यों को समय पर हासिल किया जा सके।
बीएलओ प्रशिक्षण व लक्ष्य निर्धारण पर बल
वीसी के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, अतः सभी फील्ड में कार्यरत बीएलओ का प्रशिक्षण सभी जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित करें। संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन बीएलओ का कार्य-प्रदर्शन अपेक्षा से कम है उन्हें स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करके दिया जाए और उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग हो। प्रदर्शन में पीछे रहने वाले बीएलओ को लक्षित सुधार के लिए प्रेरित करते हुए नियत समयावधि में लक्ष्य पूर्ति कराने के निर्देश दिए गए। यह भी बताया गया कि बीएलओ के साथ उनके पर्यवेक्षकों एवं संबंधित ईआरओ को मिलकर दैनिक प्रगति का आकलन करे, ताकि समय रहते सुधार किए जा सकें।
सहायता डेस्क सक्रिय करे, कार्ययोजना के अनुसार करे कार्य
संभागीय आयुक्त ने कम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित अधिकारियों से वीसी में कारण पूछे तथा अविलंब सुधार करने के निर्देश दिए गए। डॉ. सिंह ने स्थापित सहायता डेस्कों को तुरंत प्रभाव से सक्रिय करने पर बल दिया, ताकि मतदाताओं व आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सहायता समय पर मिल सके। सभी जिलों में हेल्पडेस्क की उपयोगिता को अधिकतम प्रचारित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे ज़्यादा से ज़्यादा लोग विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया का लाभ उठा सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यक्रम की प्रगति में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी और अधिकारीगण व्यक्तिगत रुचि लेते हुए लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें।
14 नवम्बर तक लक्ष्य पूर्ण करने के आदेश
संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को 14 नवम्बर 2025 तक निर्धारित सभी लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने के सख्त निर्देश दिए। प्रत्येक ईआरओ को कहा गया है कि वे अपनी क्षेत्रवार ठोस कार्ययोजना तैयार करें, जिससे वर्तमान प्रगति और निर्धारित लक्ष्य के बीच के अंतर को शीघ्रता से पाटा जा सके। संभागीय आयुक्त ने हर स्तर पर रणनीति बनाकर कार्य करने पर जोर दिया, ताकि शेष कार्य समयसीमा से पहले पूर्ण हों। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि आगामी दिनों में वे तेज़ गति और समर्पण के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल करेंगे।


Leave a Reply