Advertisement

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आवासीय विद्यालयों में हुआ साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्सव

blank

जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में “जनजातीय गौरव वर्ष” के तहत चल रही गतिविधियों की श्रृंखला में रविवार को जोधपुर जिले के विभिन्न राजकीय जनजाति आवासीय विद्यालयों एवं आश्रम छात्रावासों में विद्यार्थियों के बीच निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से विद्यार्थियों को मिली प्रेरणा
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरक जीवन, संघर्षशील व्यक्तित्व और उनके समाज सुधारक योगदान से अवगत कराना रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने “जनजातीय स्वाभिमान के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा”, “आदिवासी समाज में जागृति के अग्रदूत” एवं “बिरसा मुंडा का देश की स्वतंत्रता में योगदान” जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

राजकीय जनजाति आवासीय बालक विद्यालय, राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास शेरगढ़, राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास मुख्यालय जोधपुर तथा राजकीय जनजाति बालक आश्रम छात्रावास शेरगढ़ में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रत्येक संस्थान में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन प्रसंगों और संघर्षों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा के त्याग, देशभक्ति और सामाजिक समानता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

संवेदनशीलता, अनुशासन और आत्मबल का मिला संदेश


विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्राचार्यों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संवेदनशीलता, अनुशासन, आत्मबल और समाज सेवा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाकर अपने जीवन में मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक एकता को प्राथमिकता दें।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के गौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में विशेष पहल कर रही है। बिरसा मुंडा के आदर्श हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और शिक्षा की रोशनी पहुँचाने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *