सीईओ जिला परिषद मिश्रा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश— 31 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से होगा भव्य मार्च
जोधपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सम्भाग स्तरीय “एकता मार्च” की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, एनसीसी-एनएसएस इकाइयों, स्काउट-गाइड, पुलिस, आरएसी, होमगार्ड, स्वयंसेवी संगठनों तथा खेल एवं युवा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। सीईओ मिश्रा ने कहा कि “एकता मार्च” का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण, प्रशासनिक दृढ़ता एवं अखण्ड भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन में अनुशासन, समन्वय और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि कार्यक्रम जोधपुर सम्भाग की एकता और संगठन का प्रतीक बने।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिश्रा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रतिभागी विभाग, विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं एनसीसी-एनएसएस इकाइयाँ निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हों। प्रतिभागियों की लाइन-अपिंग एवं ध्वज वितरण जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के निर्देशानुसार किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मार्च के पूरे मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग विशेष तैनाती करेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी, वहीं जलदाय विभाग पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। नगर निगम, जेडीए व शिक्षा विभाग को मार्ग की स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एकता मार्च-का निर्धारित मार्ग
एकता मार्च-का प्रारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से होगा, जो घूमर होटल रोड, मोहनपुरा पुलिया, खास बाग चौराहा, पुलिस लाइन, पॉवर हाउस सर्किल, सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेच्यू (सर्किट हाउस), राईका बाग पुलिया, पावटा चौराहा होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर पर समाप्त होगा। मार्च में लगभग 3000 प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एवं गाइड, पुलिस, आरएसी, सेना, होमगार्ड, कर्मचारी संघ, एनजीओ, कोचिंग संस्थान, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेज के युवा और आमजन सम्मिलित होंगे।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित “सम्भाग स्तरीय एकता मार्च-2025” का शुभारम्भ कल प्रातः 8:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर, जोधपुर से होगा। इस दौरान प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेच्यू, सर्किट हाउस पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सीईओ मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे समय पर उपस्थित होकर अनुशासन एवं एकजुटता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएं।


Leave a Reply