Advertisement

शहरी सेवा शिविर- के फॉलोअप कैंप 3 से 7 नवम्बर तक होंगे आयोजित

लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए सभी नगरीय निकायों को निर्देश

जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में “शहरी सेवा शिविर–2025” के फॉलोअप कैंप आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। ये कैंप आगामी 3 नवम्बर (सोमवार) से 7 नवम्बर (शुक्रवार) तक चलेंगे।

उल्लेखनीय है कि “शहरी सेवा शिविर–2025” का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2025 तक किया गया था, जिसके दौरान प्रदेशभर के नगरीय निकायों – प्राधिकरणों, न्यासों, नगर निगमों, परिषदों तथा पालिकाओं में नागरिकों से प्राप्त विभिन्न आवेदनों एवं प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

अब राज्य सरकार द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए फॉलोअप कैंप आयोजित किए जा रहे हैं कि शिविर अवधि में प्राप्त सभी प्रकरणों का पूर्ण निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जा सके।

फॉलोअप कैंप के दौरान निम्नानुसार कार्यवाही की जाएगी –
1. जिन प्रकरणों में मांग पत्र जारी हो चुका है, उनमें शिविर अवधि में प्रदत्त छूट या शिथिलता के अनुरूप राशि जमा करवाई जाएगी।
2. जिन प्रकरणों में मांग पत्र जारी नहीं हुआ है, उनमें शिविर अवधि में दी गई छूट/शिथिलता के अनुरूप मांग पत्र जारी कर फॉलोअप कैंप में राशि जमा कर संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

राज्य सरकार ने सभी शहरी निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे शिविर अवधि में प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा कर पात्र प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें, जिससे नागरिकों को शीघ्र राहत और सुविधाएँ प्राप्त हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *