पंचायत समिति पीपाड़ शहर में बैठक आयोजित कर, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
जोधपुर। जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने पंचायत समिति पीपाड़ शहर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागवार अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की गहन जांच की और समस्त कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी प्रदान की।
नरेगा कार्यों की समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मिश्रा ने नरेगा के अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया और गति तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत आवास निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए विकास अधिकारी नरेंद्र साहू को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मिश्रा ने ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र आमजन को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
विकास कार्यों का निरीक्षण एवं हरियालो राजस्थान अभियान में पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान मिश्रा ने पंचायत पुस्तकालय भवन, खेल मैदान, अमृत सरोवर, पंचायत परिसर चारदीवारी निर्माण कार्य तथा पीपाड़ जिला अस्पताल भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्वामित्व योजना के संबंध में अधिकारियों एवं ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीणों को संपत्ति अधिकार प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मिश्रा ने ग्राम पंचायत बैनड़ कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां सरपंच आईदान राम मेघवाल ने उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्राम पंचायत में रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी कार्यों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मनरेगा के अंतर्गत पौधारोपण, टांका निर्माण, चारागाह विकास, सोख्ता गड्ढा निर्माण, सांसद योजना के तहत टीन शेड एवं प्याऊ निर्माण कार्यों, तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया।
इस अवसर पर विकास अधिकारी नरेंद्र साहू, सहायक अभियंता भगवान राम खोजा, ग्राम पंचायत बैनड़ के सरपंच आईदान राम मेघवाल, ग्राम पंचायत सोढा के सरपंच रामचंद्र सिहाग सहित पंचायत समिति के समस्त अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply